राष्ट्रपति मुर्मू की मौजूदगी में आज से राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार सप्ताह का आयोजन

6
Panchayati Raj India

आने वाले राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के क्रम में तथा आजादी का अमृत महोत्सव 2.0 के उपलक्ष्य के रूप में दिनांक 17 से 21 अप्रैल, 2023 के दौरान राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है।

इसके साथ-साथ आजादी का अमृत महोत्सव 2.0 की पहुंच को बढ़ाने और प्रत्येक भारतीय के जीवन को छूने के लिए पंचायती राज मंत्रालय ने “पंचायतों के संकल्पों की सिद्धि का उत्सव” विषय पर राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार सप्ताह समारोह का आयोजन करने का निर्णय लिया है।

यह पांच दिवसीय राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार सप्ताह कल नई दिल्ली में ‘पंचायतों के प्रोत्साहन-सह-पुरस्कार समारोह पर राष्ट्रीय सम्मेलन के आयोजन के साथ प्रारम्भ होगा।

राष्ट्रपति ने 17 अप्रैल, 2023 को राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार सप्ताह को झंडी दिखाने, राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार प्रदान करने और गणमान्य व्यक्तियों की सभा को संबोधित करने तथा ‘पंचायतों के प्रोत्साहन-सह-पुरस्कार समारोह पर राष्ट्रीय सम्मेलन’ का उद्घाटन करने के लिए अपनी सहमति प्रदान की है।इस सम्मेलन में पूरे देश से 1500 से अधिक प्रतिनिधियों के भाग लेने की उम्मीद है।

केंद्रीय ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह, केंद्रीय पंचायती राज राज्य मंत्री कपिल मोरेश्वर पाटिल और केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते की इस अवसर पर गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार-2023 की विभिन्न श्रेणियों के तहत पुरुस्कार वितरण किया जायेगा:
(i) व्यक्तिगत LSDG विषयों के तहत अच्छे प्रदर्शन के लिए दीन दयाल उपाध्याय पंचायत सतत विकास पुरस्कार (DDUPSVP)
(ii) सभी 9 LSDG विषयों और विशेष श्रेणियों से संबंधित हरित पहल के तहत समेकित कार्य प्रदर्शन के लिए नानाजी देशमुख सर्वोत्तम पंचायत सतत विकास पुरस्कार (NDSPSVP)
(iii) ग्राम ऊर्जा स्वराज विशेष पंचायत पुरस्कार और
(iv) कार्बन न्यूट्रल विशेष पंचायत पुरस्कार के तहत पुरस्कार विजेता पंचायतों को सम्मानित किया जाएगा और इन पंचायतों को पुरस्कार राशि डिजिटल रूप से हस्तांतरित की जाएगी। पुरस्कार विजेता पंचायतों के कार्यों के बारे में सर्वोत्तम प्रथाओं पर एक पुस्तिका का केन्द्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह द्वारा विमोचन किया जाएगा और इस पुस्तिका की पहली प्रति माननीय राष्ट्रपति को भेंट की जाएगी।

आजादी का अमृत महोत्सव 2.0 के उपलक्ष्य में आयोजित राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार सप्ताह के दौरान नियोजित राष्ट्रीय सम्मेलनों का विवरण निम्नानुसार है:

क्रं. सं.तिथि/दिनराष्ट्रीय सम्मेलनकार्यक्रम का स्थान
1.17 अप्रैल, 2023 (सोमवार)पंचायतों के प्रोत्साहन-सह-पुरस्कार समारोह पर राष्ट्रीय सम्मेलनप्लेनरी हॉल,विज्ञान भवन,नयी दिल्ली
2.18 अप्रैल, 2023 (मंगलवार)गरीबी मुक्त और उन्नत आजीविका पंचायत, आत्मनिर्भर बुनियादी ढांचा पंचायत और सुशासन के साथ पंचायत पर राष्ट्रीय सम्मेलनसी. सुब्रमण्यम ऑडिटोरियम, एनएएससी, पूसा, नई दिल्ली
3.19 अप्रैल, 2023 (बुधवार)बाल हितैषी पंचायत, महिला हितैषी पंचायत और सामाजिक रूप से सुरक्षित पंचायत पर राष्ट्रीय सम्मेलनसी. सुब्रमण्यम ऑडिटोरियम, एनएएससी, पूसा, नई दिल्ली
4.20 अप्रैल, 2023 (गुरुवार)जल पर्याप्त पंचायत, स्वच्छ और हरित पंचायत और स्वस्थ पंचायत पर राष्ट्रीय सम्मेलनसी. सुब्रमण्यम ऑडिटोरियम, एनएएससी, पूसा, नई दिल्ली
5.21 अप्रैल, 2023 (शुक्रवार)सर्वोत्तम पंचायत सतत विकास प्रयासों पर राष्ट्रीय सम्मेलन – 2047 के लिए आगे की राहसी. सुब्रमण्यम ऑडिटोरियम, एनएएससी, पूसा, नई दिल्ली

सहभागी लोकतंत्र को सुनिश्चित करने और लोगों को सशक्त बनाने तथा पंचायतों को जवाबदेह बनाने एवं ग्राम सभा को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से एक नया मोबाइल ऐप ‘जीएस निर्णय’- नेशनल इनिसिएटिव फॉर रूरल इंडिया टू नेविगेट, इनोवेट एंड रिजॉल्व पंचायत डिसिजन्स विकसित किया गया है।

इसका उद्देश्य ग्रामसभा की कार्यवाही को जनता के लिए रिकॉर्ड और अपलोड करना है। इस अवसर पर ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह द्वारा ग्राम सभा निर्णय ऐप को लॉन्च किया जाएगा। जीएस निर्णय ऐप के माध्यम से की गई रिकॉर्डिंग जहां आवश्यक हो या ग्राम सभा के दौरान किए गए संकल्पों के संबंध में उत्पन्न होने वाले प्रश्नों के मामले में तथ्यों के सत्यापन का साधन बनेगी।

इससे पंचायतों के कामकाज में अधिक पारदर्शिता आएगी और उनकी दक्षता में बढ़ोत्तरी होगी और इससे 73वें संविधान संशोधन में यथा स्थापित विकेन्द्रीकृत सहभागी लोकतंत्र में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन होगा। यह ऐप भविष्य के संदर्भ के लिए सूचना के मूल्यवान भंडार के रूप में भी काम करेगा।

पंचायत योजनाओं को प्रोत्साहन देना राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान (आरजीएसए) की केंद्र प्रायोजित योजना के केंद्रीय घटकों में से एक है।इस योजना के तहत, विभिन्न प्राथमिकता वाले क्षेत्रों/विषयों के तहत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली पंचायतों को ‘राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार’ दिए जाते हैं, जिसमें पुरस्कार विजेता पंचायतों को वित्तीय प्रोत्साहन देना भी शामिल है।

राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार सप्ताह के उद्घाटन समारोह के दौरान, राज्यों के पंचायती राज मंत्री सतत विकास लक्ष्यों और अब तक की उपलब्धियों को प्राप्त करने के महान लक्ष्य की दिशा में राज्यों के विचारों, रणनीतियों और तैयारियों को आपस में साझा करेंगे।

राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार सप्ताह के उद्घाटन समारोह का लाइव वेबकास्ट 17 अप्रैल, 2023 को प्रातः 11:00 बजे से विज्ञान भवन, नई दिल्ली से वेबकास्ट लिंक: https://webcast.gov.in/mopr पर उपलब्ध होगा। 18 से 21 अप्रैल, 2023 तक विषयगत राष्ट्रीय सम्मेलनों का लाइव वेबकास्ट भी इसी लिंक पर सुबह 10 बजे से उपलब्ध होगा।

भारत की आजादी की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम शुरु किया गया था जिसके तहत पंचायती राज मंत्रालय आजादी का अमृत महोत्सव के बारे में ग्रामीण जनता के बीच जागरूकता पैदा करने के लिए गंभीर प्रयास कर रहा है।

प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए आह्वान के उत्तर में, पंचायती राज संस्थाओं ने विशिष्ट लक्ष्यों को निर्धारित करने, सतत विकास लक्ष्यों (SDG) के साथ सही तरीके से तालमेल करने और स्थानीय रणनीति और समग्र पंचायत विकास के माध्यम से एसडीजी प्राप्त करने की दिशा में काम करना शुरू कर दिया है और उसका उचित कार्यान्वयन भी किया जा रहा है।

इस वर्ष के राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार विभिन्न विषयगत क्षेत्रों में पंचायतों को गरीबी मुक्त, स्वस्थ, बाल एवं महिला मित्रवत, पर्याप्त जल, स्वच्छ और हरित, आत्मनिर्भर बुनियादी ढांचा, सामाजिक रूप से न्यायसंगत और सुरक्षित तथा सुशासित बनाने के बारे में उत्कृष्ट कार्य करने वाली पंचायतों को प्रदान किए जाएंगे।

भारत को एक आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने के बारे में प्रधानमंत्री मोदी के विजन को आगे बढ़ाते हुए, LSDG के नौ विषयगत क्षेत्रों में पंचायतों को उनके प्रदर्शन के आधार पर प्रोत्साहित करने के लिए पंचायती राज मंत्रालय ने ठोस प्रयास किए हैं जिनसे संयुक्त राष्ट्र 2023 के एजेंडे को पूरा करने के लिए और आत्मनिर्भर पंचायतों के सृजन के लिए LSDG (लोकलाइजेशन ऑफ़ सस्टेनेबल डेवलपमेंट गोल) लक्ष्यों को हासिल करने की दिशा में प्रगति को और गति मिलेगी।