G20 देशों के कृषि वैज्ञानिकों की तीन दिवसीय बैठक आज से वाराणसी में शुरू होगा

34
G20 Agri Scientist meeting in India

भारत के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले ‘डिपार्टमेंट ऑफ़ एग्रीकल्चरल रिसर्च एंड एजुकेशन (DARE) द्वारा G20 के प्रमुख कृषि वैज्ञानिकों (MACS – मीटिंग ऑफ़ एग्रीकल्चरल चीफ साइंटिस्ट्स) की तीन-दिवसीय बैठक आज 17अप्रैल से 19 अप्रैल 2023 के दौरान वाराणसी में होने जा रही है।

G20 के सभी सदस्य देश यानि ऑस्ट्रेलिया, संयुक्त राज्य अमेरिका, फ्रांस, जापान, जर्मनी, इटली, ब्राजील, कनाडा, यूनाइटेड किंगडम, रूस, चीन, साउथ कोरिया, तुर्की, अर्जेंटीना, इंडोनेशिया, मैक्सिको, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका और यूरोपीय संघ इसमें भाग लेंगे।

इसके साथ ही इस बार के G20 अध्यक्ष भारत द्वारा आमंत्रित अतिथि देशों के तौर पर सिंगापुर, स्पेन, यूएई, बांग्लादेश, मिस्र, मॉरीशस, नीदरलैंड, नाइजीरिया, ओमान, वियतनाम और यूनाइटेड नेशंस सहित IMF (इंटरनेशनल मोनेटरी फंड), विश्व बैंक, WHO (विश्व स्वास्थ्य संगठन), WTO (विश्व व्यापार संगठन), ILO (अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन), FSB (फाइनेंसियल स्टेबिलिटी बोर्ड), OECD (आर्गेनाइजेशन फॉर इकोनॉमिक कोऑपरेशन एंड डेवलपमेंट) जैसे अंतराष्ट्रीय संगठनों को भी बुलावा भेजा गया है।

इसके अलावा AU (अफ्रीकन यूनियन), AUDA-NEPAD (अफ्रीकन यूनियन डेवलपमेंट एजेंसी), ASEAN (द एसोसिएशन ऑफ़ साउथ-ईस्ट एशियन नेशंस) जैसे क्षेत्रीय संगठनों के अध्यक्ष तथा भारत द्वारा विशेष रूप से आमंत्रित ISA (अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन), CDR और ADB (एशियन डेवलपमेंट बैंक) के लगभग 80 विदेशी प्रतिनिधि इस तीन-दिवसीय बैठक में भाग लेंगे।

भारत की और से इस बैठक में कृषि और विदेश मंत्रालय सहित अन्य मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी भाग ले रहे हैं। इसमें खाद्य सुरक्षा एवं पोषण, जलवायु अनुकूल कृषि, डिजिटल कृषि, सार्वजनिक-निजी भागीदारीआदि सहित कृषि अनुसंधान और विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

भारत की अध्यक्षता के तहत G20 के पहल के रूप में ‘Millets And Other Ancient GRains International ReSearcH Initiative (MAHARISHI- महर्षि) पर भी चर्चा होगी। ‘महर्षि’ का उद्देश्य खासकर अंतरराष्ट्रीय पोषक अनाज वर्ष 2023 के दौरान प्राचीन अनाजों के बारे में जागरूकता पैदा करना और अनुसंधान संबंधी सहयोग को आगे बढ़ाना है।

भारत ने वाराणसी आने वाले सभी प्रतिनिधियों को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत के अनूठे अनुभव से परिचित कराने की व्यवस्था की है।
हवाई अड्डे पर पारंपरिक स्वागत का इंतजाम किया गया है। जिला प्रशासन ने प्रतिनिधियों के शहर में आवागमन को सुविधाजनक बनाने हेतु व्यापक व्यवस्था की है। बैठक स्थल और उनके ठहरने के होटलों में भी उनकी सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था की गई है।

MACS 2023 का विषय टिकाऊ कृषि एवं खाद्य व्यवस्था के माध्यम से मानव स्वास्थ्य एवं स्वस्थ धरा (धरती) है।

उद्घाटन सत्र में भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग तथा नागरिक उड्डयन राज्यमंत्री जनरल (Rtd.) वी. के. सिंह शामिल होंगे।

उसके बाद विभिन्न तकनीकी सत्रों में खाद्य सुरक्षा एवं पोषण, सुदृढ़ कृषि खाद्य प्रणाली, डिजिटल कृषि और टिकाऊ कृषि-खाद्य मूल्य श्रृंखला एवं कृषि अनुसंधान और विकास के लिए सार्वजनिक-निजी भागीदारी से संबंधित विभिन्न उप-विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा प्रस्तुतियां होंगी।

इन प्रस्तुतियों के बाद प्रतिभागियों द्वारा चर्चा और हस्तक्षेप किया जाएगा। महर्षि पर एक समर्पित सत्र की योजना बनाई गई है जिसमें विशेषज्ञों द्वारा प्रस्तुतियां होंगी और G20 के सभी सदस्य देशों, अतिथि देशों और अंतररराष्ट्रीय संगठनों द्वारा हस्तक्षेप किया जाएगा। दूसरे दिन, MACS की विज्ञप्ति पर चर्चा भोजनावकाश के बाद शुरू होगी और तीसरे दिन इस चर्चा का समापन होगा।

भारत की G20 अध्यक्षता का विषय ‘एक पृथ्वी, एक परिवार और एक भविष्य’ है, जो दुनिया के लिए एक उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित करने हेतु हमारे बीच एकजुटता और सद्भाव की भावना का उत्सव मनाता है।

प्रतिनिधियों को 17 अप्रैल 2023 को गंगा आरती का शानदार दृश्य दिखाने के लिए एक क्रूज भ्रमण पर ले जाया जाएगा। इसके बाद, उनके सम्मान में ‘होटल ताज गंगेज’ में एक स्वागत रात्रिभोज और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। G20 प्रतिनिधियों के सम्मान में आयोजित इस स्वागत रात्रिभोज में जनरल वी. के. सिंह (Rtd.) शामिल होंगे।

प्रतिनिधियों को 18 अप्रैल 2023 को सारनाथ ले जाया जाएगा। उन्हें ASI संग्रहालय और बुद्ध स्तूप का दौरा कराया जाएगा और लाइट एंड साउंड शो भी दिखाया जाएगा। इसके बाद, बुद्ध थीम पार्क के शांत वातावरण में प्रतिनिधियों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम और गाला डिनर का आयोजन किया जाएगा।

प्रतिनिधियों को 19 अप्रैल 2023 को ट्रेड फेसिलिटेशन सेंटर का दौरा कराया जाएगा जहां वे स्थानीय कारीगरों के उत्पादों को बनाने के तौर-तरीकों के साथ-साथ इस शहर के वस्त्र इतिहास की झलक भी देखेंगे। TFC में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) और राज्य कृषि विभाग के प्रमुख संस्थानों की एक छोटी प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। प्रतिनिधियों को कार्यक्रम स्थल पर पोषक अनाजों से तैयार व्यंजन परोसे जाएंगे। इसके बाद ‘होटल ताज गंगेज’ में विदाई रात्रिभोज और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही प्रतिनिधिगण 20 अप्रैल, 2023 को अपने अपने देश के लिए प्रस्थान करेंगे।