दिल्ली के LG ने सफाई कर्मियों के लिए विशेष पोर्टल लॉन्च किया

38
Lt. Gov. Vinay Kumar Saxena- The Imprint

दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना द्वारा दिल्ली नगर निगम में कार्यरत स्वच्छता-सैनिकों (सफाई कर्मचारियों) एवं मालियों की सुविधा के लिए निगम की वेबसाइट ‘mcdonline.nic.in’ पर एक विशेष पोर्टल का लॉन्च किया गया.

इस पोर्टल पर निगम में कार्यरत 57,000 सफाई कर्मचारियों और 5,000 मालियों से संबंधित संपूर्ण जानकारी उपलब्ध है, और इसके माध्यम से सीधे नागरिकों से जुड़ने की इस अनूठी पहल की शुरुआत हुई है.

कुछ समय तक चले परीक्षण के उपरांत लॉन्च हुए इस पोर्टल में सभी स्वच्छता सैनिकों एवं मालियों से संबंधित संपूर्ण जानकारी जैसे कि उनके फोन नंबर, क्षेत्रवार एवं वार्डवार उनका कार्यक्षेत्र आदि जानकारी उपलब्ध हैं। इस अनूठी पहल के पश्चात अपने इलाके की सफाई एवं पार्कों के रखरखाव से संबंधित सेवाओं के लिए नागरिकों को उच्च अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के पास न जाकर सीधे इन कर्मचारियों से संपर्क कर अपनी परेशानी का हल कर सकते हैं।

वेबसाइट पर स्वच्छता अधीक्षकों एवं निरीक्षकों एवं चौधरियों के नंबर भी उपलब्ध हैं। दिल्ली नगर निगम के सभी 12 क्षेत्रों में लगभग 57,000 सफाई सैनिक कार्यरत हैं। इन सभी की फोन नंबर, उनके कार्यक्षेत्र एवं इनके सफाई निरीक्षकों की सूची निगम की वेबसाइट पर उपलब्ध है। दिल्ली नगर निगम में लगभग 5000 माली एवं 400 चौधरी कार्यरत हैं जिनका मुख्य कार्य पार्क,ओपन जिमों का रखरखाव, वृक्षारोपण एवं पौधों की नर्सरी का रखरखाव इत्यादि है। दिल्ली नगर निगम ने उपराज्यपाल महोदय के निर्देशानुसार इनकी भी संपूर्ण जानकारी ऑनलाइन कर दी है।

नागरिक सेवाओं के उचित निष्पादन के लिए सीधे ही सफाई सैनिकों एवं मालियों से संपर्क कर सकेंगे एवं उनकी शिकायतों के सही निराकरण की सूरत में उनके अधीक्षकों या चौधरियों से उनकी शिकायत भी कर सकेंगे।

माननीय उपराज्यपाल ने 24 जून 2022 दिल्ली नगर निगम द्वारा I.T आधारित सेवाओं की समीक्षा बैठक में निगम अधिकारियों को सभी सेवाएं 31 जुलाई 2022 तक Online/I.T आधारित करने संबंधी निर्देश दिए थे जिसमे स्वच्छता एवं बागवानी सेवाओं की संपूर्ण जानकारी ऑनलाइन करने संबंधी आदेश भी थे ताकि नागरिक सीधे तौर पर इनसे जुड़ कर इन सेवाओं के कुशल प्रबंधन में योगदान दे सकें।

निगम की वेबसाइट खोलने के पश्चात नागरिक ‘SELECT MY SERVICE AREA’  लिंक में जाकर अपना क्षेत्र चुनकर सफाई सैनिकों एवं मालियों संबंधी सूचना देने वाले पृष्ठ पर जा कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। दिल्ली नगर निगम के इस कदम से सफाई सैनिक एवं माली जनता के प्रति अधिक जवाबदेह रहेंगे तथा नागरिक भी निगम सेवाओं के निष्पादन से सीधे तौर से जुड़ सकेंगे।

दिल्ली नगर निगम द्वारा आरंभ की गई यह सेवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा निर्धारित ‘डिजिटल इंडिया’ के लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में एक ठोस पहल है।